पुरी रथ यात्रा को यूनेस्को की सूची में शामिल कराने के लिए ओडिशा ने केंद्र से मांगा सहयोग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-08-2026
Odisha seeks Centre's support to get Puri Rath Yatra included in UNESCO list
Odisha seeks Centre's support to get Puri Rath Yatra included in UNESCO list

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ओडिशा सरकार ने पुरी की भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को यूनेस्को की ‘मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर’ सूची में शामिल कराने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के प्रस्ताव को केंद्र सरकार को भेजते हुए केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय से अनुरोध किया है कि इस नामांकन को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग और हस्तक्षेप किया जाए।
 
मुख्यमंत्री ने एक अगस्त को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को लिखे पत्र में कहा कि रथ यात्रा केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि एक कालजयी सभ्यतागत परंपरा है।
 
उन्होंने पत्र में कहा, ‘‘ भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं है बल्कि यह एक कालजयी सभ्यतागत परंपरा है जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता, समावेशिता, आध्यात्मिकता, शिल्पकला, संगीत, नृत्य और सामुदायिक सहभागिता का प्रतीक है।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदियों पुराना यह उत्सव दुनिया भर से लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है तथा भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत के सबसे स्थायी प्रतीकों में से एक है।