इंफाल
मणिपुर के थौबल जिले में सुरक्षाबलों ने एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े उग्रवादी को गिरफ्तार किया, जबकि जिरीबाम में चलाए गए एक अन्य अभियान में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पकड़ा गया युवक प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) का सदस्य है। उसे बुधवार को खोंगजोम पापल इलाके से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह संगठन के लिए जबरन वसूली और नए सदस्यों की भर्ती जैसी गतिविधियों में शामिल था। अधिकारी ने बताया कि यह सदस्य थौबल और बिष्णुपुर जिलों में सक्रिय था। चूंकि आरोपी किशोर है, इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पीएलए संगठन अतीत में केंद्रीय सुरक्षा बलों पर हमलों में शामिल रहा है।
पुलिस के अनुसार, एक अलग अभियान में सुरक्षाबलों ने बुधवार को जिरीबाम के लीगांगपोकपी गांव और तामेंगलोंग जिले के तातबुंग के बीच स्थित क्षेत्र से सात आग्नेयास्त्र, एक एसएलआर, कई मैगजीन, गोला-बारूद, दो बुलेटप्रूफ जैकेट और अन्य सामग्री बरामद की।
अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षाबलों के तलाशी अभियान जारी हैं।
मई 2023 से मणिपुर में मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा में अब तक 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हो गए हैं।