ओडिशा में पंचायत-निकाय चुनाव पर 21 जुलाई को बैठक

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 10-07-2026
Meeting on Panchayat-body elections in Odisha on July 21
Meeting on Panchayat-body elections in Odisha on July 21

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
ओडिशा के राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने अगले साल होने वाले पंचायत और निकाय चुनावों की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए 21 जुलाई को एक बैठक बुलाई है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
 
अधिकारी ने बताया कि एसईसी ने सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर उनसे राज्य मुख्य निर्वाचन आयुक्त एम एस पाढ़ी के नेतृत्व में 21 जुलाई को पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे ओसवान मंच के माध्यम से होने वाली डिजिटल बैठक में भाग लेने का निर्देश दिया है।
 
जिला प्रशासनों को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सभी जिलाधिकारियों के अलावा, शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए नोडल अधिकारी के तौर पर काम कर रहे अवर जिलाधिकारी (एडीएम), चुनाव पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक चुनाव पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) और संबंधित जिला समाहरणालयों के सामान्य विविध अनुभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल होंगे।
 
एसईसी सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में मुख्य रूप से 2027 के पंचायत और निकाय चुनाव के लिए ‘बूथ’-वार मतदाता सूची तैयार करने के लिए किये जा रहे घर-घर सर्वे की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
 
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन 2022 के नगर निकाय चुनाव से जुड़े लंबित विस्तृत आकस्मिक बिलों और उपयोगिता प्रमाण-पत्रों की स्थिति भी पेश करेंगे।
 
इस बैठक में पिछली समीक्षा बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुपालन का भी मूल्यांकन किया जाएगा और चुनाव से जुड़ी गतिविधियों को समय पर पूरा करने के लिए आगे के कदमों पर चर्चा की जाएगी।