Making it to the WTC final will not be easy for India, the New Zealand tour will be tough: Dravid
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि भारतीय टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के फाइनल में क्वालीफाई करने की दौड़ में थोड़ा ‘पीछे चल रही’ है और श्रीलंका में उत्साहजनक प्रदर्शन को न्यूजीलैंड दौरे में दोहराना आसान नहीं होगा।
डब्ल्यूटीसी फाइनल में दो बार जगह बनाने वाली भारतीय टीम अभी अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। उसे फाइनल में जगह बनाने के लिए अपने बचे हुए अधिकतर मैच जीतने होंगे।
अगले साल फाइनल में शीर्ष दो टीमों के बीच मुकाबला होगा। भारतीय टीम जनवरी 2027 से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले न्यूजीलैंड में दो टेस्ट मैच खेलेगी। भारत इस दौरे में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे और उतने ही टी20 मैच भी खेलेगा।
यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में एक टीम के मालिक द्रविड़ ने जियोस्टार से कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि भारत डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने में सफल रहेगा। अगर भारत मौजूदा स्थिति के बावजूद फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लेता है तो यह शानदार उपलब्धि होगी।’’