Maharashtra government to soon launch 'Devabhau', 'Chhava' taxis in Mumbai: BJP leader Show alternatives
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और विधान परिषद के सदस्य प्रवीण दरेकर ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार जल्द ही मुंबई में ‘देवाभाऊ’ और ‘छावा’ टैक्सी सेवाएं शुरू करेगी।
उन्होंने दावा किया कि इससे टैक्सी मुहैया कराने वाले निजी कंपनियों द्वारा वसूले जाने वाले भारी कमीशन पर अंकुश लगेगा और चालकों व वाहन मालिकों को सीधा लाभ होगा।
दरेकर ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि प्रस्तावित सेवा दिल्ली और कोलकाता जैसे शहरों में जारी ‘भारत टैक्सी’ पहल पर आधारित होगी और ओला, उबर व रैपिडो से अलग एक विकल्प प्रदान करेगी।
उन्होंने ओला, उबर व रैपिडो पर अत्यधिक कमीशन वसूलने का आरोप लगाया।
हालांकि, सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया व विपक्षी कांग्रेस ने इस घोषणा की तीखी आलोचना की और मुंबई बैंक फंड के प्रस्तावित उपयोग व योजना का राजनीतिक प्रचार करने पर सवाल उठाया।
दरेकर, मुंबई जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष हैं, जिसे मुंबई बैंक के नाम से जाना जाता है।
दरेकर ने ‘भारत टैक्सी’ परियोजना में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल से चालकों और वाहन मालिकों को निजी कंपनियों पर निर्भरता कम कर लाभ हुआ है।
उन्होंने कहा, “उन जगहों पर जहां निजी टैक्सी कंपनियां अत्यधिक कमीशन लेती हैं और चालकों से पैसे वसूलती हैं, ‘भारत टैक्सी’ ने ऐसे तौर-तरीकों पर अंकुश लगाने में मदद की है। चालकों और मालिकों को फायदा हुआ है। इसी तर्ज पर ‘देवभाऊ’ और ‘छावा’ टैक्सी सेवाएं अब मुंबई और एमएमआरडीए (मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी) क्षेत्र में शुरू की जाएंगी।”
इस परियोजना को “अपाली टैक्सी, अपाली मालकी” (हमारी टैक्सी, हमारा स्वामित्व) के नारे के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस योजना के तहत टैक्सी चालकों के पास अपने वाहनों का स्वामित्व बना रहेगा।
सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने हालांकि इस प्रस्ताव की आलोचना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाया, “‘देवाभाऊ टैक्सी’? 2,000 टैक्सियां दी जाएंगी? और वह भी मुंबई बैंक के जमाकर्ताओं के पैसे का इस्तेमाल करके?” दमानिया ने यह भी प्रश्न किया कि क्या मुंबई बैंक को “भाजपा का निजी बैंक” समझ लिया गया है।