एनसीपीआई टीएमसी के सभी बागी सांसदों को शामिल करने को तैयार : काकोली घोष दस्तीदार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-06-2026
NCPI ready to include all rebel TMC MPs: Kakoli Ghosh Dastidar
NCPI ready to include all rebel TMC MPs: Kakoli Ghosh Dastidar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने मंगलवार को कहा कि ‘नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया’ (एनसीपीआई) तृणमूल के सभी असंतुष्ट लोकसभा सदस्यों को अपने साथ शामिल करने पर सहमत हो गई है और इन सांसदों की संख्या मौजूदा 20 से बढ़कर 22 तक पहुंच सकती है।

दस्तीदार ने यह भी स्पष्ट किया कि बागी सांसदों का पश्चिम बंगाल विधानसभा में अलग समूह बनाने वाले टीएमसी के असंतुष्ट विधायकों से कोई संबंध नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस ने उस समूह को मान्यता दे दी है।
 
तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों के अगले कदम के बारे में पूछे जाने पर, बंगाल के बारासात के सांसद ने कहा कि पहले वे किसी अन्य दल में विलय की कोशिश करते हुए खुद को व्यवस्थित करना चाहते हैं।
 
उन्होंने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। वे (एनसीपीआई) हमें अपने साथ लेकर खुश हैं। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ मिलकर काम करेंगे।’’
 
उनके गुट में सांसदों की संख्या के बारे में पूछे जाने पर दस्तीकार ने कहा, ‘‘फिलहाल हम 20 सांसद हैं। यह संख्या 22 तक पहुंच सकती है।’’
 
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी के टिकट पर कुल 28 सांसद निर्वाचित हुए थे।
 
पश्चिम बंगाल में टीएमसी के बागी विधायकों के साथ संबंधों के बारे में दस्तीदार ने कहा कि असंतुष्ट सांसदों का राज्य के विधायकों से कोई संबंध नहीं है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा उनसे कोई संबंध नहीं है। वे एक अलग समूह हैं। उनके मुद्दे और एजेंडा अलग हैं।’’
 
इससे पहले, गृह मामलों की संसद की स्थायी समिति की बैठक में शामिल हुईं दस्तीदार ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में पिछली टीएमसी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को लागू नहीं किया।