आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
क्रांतिकारी युवा संगठन (केवाईएस) मंगलवार को जीसस एंड मैरी कॉलेज (जेएमसी) के प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपकर छात्राओं के लिए छात्रावास सुविधा के निर्माण की मांग करेगा। कॉलेज परिसर में एकत्र हुए संगठन के सदस्यों ने यह जानकारी दी।
यह मांग दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास ढहने की घटना के कुछ दिन बाद उठी है। हादसे में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे।
इस घटना ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास की कमी के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
केवाईएस ने अपने बयान में कहा कि दशकों पहले स्थापित होने के बावजूद जेएमसी में छात्रावास की सुविधा नहीं है और यह दिल्ली विश्वविद्यालय के उन कुछ कॉलेज में शामिल है, जहां ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं है।
छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि छात्रावास की मांग को लेकर बार-बार किए गए अनुरोधों के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
केवाईएस ने कहा कि वह कॉलेज प्रशासन से छात्रावास स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह करेगा। संगठन ने कहा कि हाल में निजी छात्र आवासों की सुरक्षा को लेकर उठी चिंताओं के मद्देनजर संस्थागत आवास की उपलब्धता विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।
कॉलेज प्रशासन की ओर से आरोपों या मांगों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।