आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री के करीबियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया कार्रवाई का हवाला देते हुए मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों के खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों पर ‘‘मौन’’ रहने का आरोप लगाया।
भाजपा ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित रात्रिभोज में शामिल नहीं होने पर कांग्रेस के तीन मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधते हुए इसे ‘‘शर्मनाक’’ करार दिया।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस की तथाकथित ‘‘मोहब्बत की दुकान’’ में वास्तव में ‘‘भ्रष्टाचार का कारोबार’’ होता दिख रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी जी से पूछना चाहती हूं कि एक तरफ तो वह छात्रों की बात करते हैं, लेकिन जब उनकी अपनी ही पार्टी के सदस्य देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं, तो क्या उसकी आवाज उनके कानों तक नहीं पहुंचती?’’