केरल की स्वास्थ्य मंत्री पर किसी ‘हथियार’ से हमला किया गया: प्राथमिकी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-02-2026
Kerala Health Minister attacked with some 'weapon': FIR
Kerala Health Minister attacked with some 'weapon': FIR

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरल छात्र संघ (केएसयू) कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज को लगी चोट के संबंध में पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि रेलवे स्टेशन पर उन पर कथित रूप से किसी ‘‘हथियार’’ से हमला किया गया था।
 
पुलिस ने बताया कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में कथित चिकित्सा लापरवाही की लगातार सामने आ रहीं घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के छात्र संगठन केएसयू के पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने के बाद बृहस्पतिवार तड़के यहां एक अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
 
कन्नूर रेलवे पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, जॉर्ज और उनके सुरक्षाकर्मी जब बुधवार अपराह्न करीब सवा तीन बजे वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार होने के लिए रेलवे स्टेशन के पहले प्लेटफॉर्म पर पहुंचे तो केएसयू कार्यकर्ता ने अपराध को अंजाम देने के इरादे से एक ‘‘हथियार’’ लेकर कथित तौर वहां पहुंच गए।
 
प्राथमिकी में कहा गया है कि उन्होंने काले झंडे लेकर, ‘‘उन्हें मार डालो’’ जैसे नारे लगाए, वे मंत्री के पास पहुंचे और किसी ‘‘हथियार’’ से उनकी गर्दन पर हमला किया।
 
इसके अनुसार जब सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उस पर भी कथित रूप से हमला किया गया और रोका गया।
 
जॉर्ज के सुरक्षाकर्मी अभिलाष एम. एस. द्वारा दायर शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें हत्या के प्रयास से संबंधित प्रावधान भी शामिल हैं। गर्दन में दर्द और दाहिने हाथ में तकलीफ की शिकायत के बाद जॉर्ज को पहले कन्नूर जिला जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा बाद में उन्हें यहां परियारम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
 
कांग्रेस और केएसयू नेताओं ने मंत्री पर हमले के आरोप का खंडन किया है।