Karnataka Legislative Council elections: 212 out of 222 MLAs cast their votes till 1 pm
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक विधान परिषद की सात सीटों के लिए बृहस्पतिवार को हो रहे चुनाव में दोपहर एक बजे तक 95.50 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसके तहत कुल 222 विधायकों में से 212 ने वोट डाले।
राज्य विधानमंडल के उच्च सदन की सात सीटों के लिए आठ उम्मीदवार मैदान में हैं।
कर्नाटक विधानसभा के सदस्य विधान सौध में मतदान में हिस्सा ले रहे हैं।
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। मतगणना शाम 5 बजे शुरू होगी।
चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कामकनूर, पी. वी. मोहन, बी. के. हरिप्रसाद (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), शिवन्ना बी एस, और विनय कार्तिक प्रकाश तथा भाजपा के लिंगराज पाटिल और रघु आर और जद(एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।
यह चुनाव कराने की इसलिए जरूरत पड़ी क्योंकि विधान परिषद के सात सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने वाला है। इनमें कांग्रेस के नसीर अहमद, टिप्पन्नाप्पा और बी. के. हरिप्रसाद, भाजपा के एन. नागराजू (एमटीबी), प्रताप एस. नायक के. और सुनील वल्लयापुर तथा जद(एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।
बृहस्पतिवार को वोट डालने वाले प्रमुख नेताओं में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि चुनाव जीतने के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को कम से कम 28 मतों की जरूरत है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर, कांग्रेस और भाजपा के क्रमशः चार और दो सीटें आसानी से जीतने की संभावना है।
हालांकि, सातवीं सीट के लिए कड़ा मुकाबला है, क्योंकि कांग्रेस और जद(एस) दोनों ने ही उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि यह सीट जीतने के लिए उनके पास जरूरी संख्या बल नहीं है।