न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनाक ने झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-01-2026
Justice Mahesh Sharadchandra Sonak sworn in as Chief Justice of Jharkhand High Court
Justice Mahesh Sharadchandra Sonak sworn in as Chief Justice of Jharkhand High Court

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनाक ने शुक्रवार को झारखंड उच्च न्यायालय के 18वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
 
यहां लोक भवन में एक समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें शपथ दिलाई।
 
उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने बम्बई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्यरत न्यायमूर्ति सोनाक को झारखंड उच्च न्यायालय का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की पिछले माह सिफारिश की थी।
 
न्यायमूर्ति सोनाक ने आठ जनवरी को 62 वर्ष की आयु पूरी होने पर तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान के सेवानिवृत्त होने के बाद कार्यभार संभाला।
 
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
 
नये मुख्य न्यायाधीश का बृहस्पतिवार को बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया था।
 
न्यायमूर्ति सोनाक को 21 जून, 2013 को बम्बई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था और वह 27 नवंबर, 2026 को सेवानिवृत्त होंगे।
 
उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश 65 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं जबकि उच्च न्यायालय के न्यायाधीश 62 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होते हैं।