झारखंड भाजपा नेताओं ने कहा, शुभेंदु के नेतृत्व में बंगाल में विकास का नया दौर शुरू होगा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-05-2026
Jharkhand BJP leaders said a new era of development
Jharkhand BJP leaders said a new era of development

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में राज्य में सुशासन और विकास का एक नया युग शुरू होगा।

झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अधिकारी को सफल और विकासोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
 
मरांडी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, ‘‘हमें पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सुशासन, सुरक्षा, निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक गौरव के एक नए युग की ओर अग्रसर होगा।’’
 
शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके बाद पार्टी के विधायक दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुडू और निशीथ प्रामाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली।
 
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे। राज्यपाल आरएन रवि ने "जय श्री राम" के नारों, ढोल की थाप और लहराते भगवा झंडों के बीच अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।