आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर चलाए गए व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान के बाद शनिवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में दो से तीन आतंकवादियों की गतिविधियों का संदेह था।
व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर खुफिया जानकारी पर आधारित एक संयुक्त अभियान के दौरान राजौरी के गंभीर मुगलन इलाके में आतंकवादियों के साथ आमना सामना हुआ।’’
उसने कहा कि सैनिकों ने त्वरित कार्रवाई के साथ जवाब दिया। इसमें कहा गया है, ‘‘मुठभेड़ शुरू हो गई है और घेराबंदी कर ली गई है। 'ऑपरेशन शेरुवाली' जारी है।’’
अधिकारियों के अनुसार, दोरिमाल-गंभीर मोगला क्षेत्र में संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस, सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त दल ने इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है और अंतिम सूचना मिलने तक अभियान जारी था।