Jamia Millia Islamia University orders student union elections to be held within 15 days of approval of its constitution
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने सोमवार को आदेश दिया कि छात्र संघ के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिन के भीतर छात्र संघ चुनाव कराए जाएं। विश्वविद्यालय के एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गयी है।
साथ ही, जारी विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों के निलंबन आदेश और उन्हें जारी किए गए कारण बताओ नोटिस वापस ले लिए गए हैं।
कुलसचिव मोहम्मद महताब आलम रिजवी की ओर से जारी आदेश में विरोध प्रदर्शन की अवधि के दौरान सुरक्षा कर्मियों के आचरण की जांच के लिए एक समिति गठित करने का भी प्रावधान है।
ये फैसले विश्वविद्यालय की ओर से भूख हड़ताल कर रहे छात्रों और उनके प्रतिनिधियों द्वारा सौंपे गए मांगपत्र पर विचार करने के बाद लिए गए।
आदेश के अनुसार, प्रदर्शनकारी छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आंदोलन के दौरान दिए गए मानहानिकारक बयानों, की गई कार्रवाइयों या सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट के लिए एक संवाददाता सम्मेलन में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर सहमत हुए हैं। ऐसी पोस्ट तत्काल प्रभाव से सोशल मीडिया मंचों से हटाई जानी हैं।
आदेश में कहा गया है कि इसे जारी किए जाने के तुरंत बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया जाएगा।