आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या में की गई सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम श्रद्धालुओं के लिए वहां पहुंचना कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर आंदोलन को मजबूत किया, वही आज सबसे ज्यादा उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले बृजभूषण ने भाजपा नेता विनय कटियार के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने आंदोलन से जुड़े लोगों की उपेक्षा का मुद्दा उठाया था।
बृजभूषण ने कहा कि यह सवाल पूरी तरह सही है कि मंदिर निर्माण के बाद सबसे ज्यादा परेशानी उन्हीं लोगों को हुई, जिन्होंने आंदोलन में बड़ा योगदान दिया था।
उन्होंने कहा, “राम मंदिर आंदोलन में देवीपाटन, बस्ती मंडल और अयोध्या से जुड़े लोगों ने धन, जनशक्ति और हरसंभव सहयोग दिया था। पहले हजारों श्रद्धालु नियमित रूप से अयोध्या जाकर नागेश्वर नाथ मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन करते थे। कई लोग दर्शन किए बिना पानी तक नहीं पीते थे।”
बृजभूषण ने दावा किया कि अयोध्या और उसके आसपास लगाए गए सुरक्षा बैरियर 200 रुपये देने पर हटा दिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ अयोध्या के स्थानीय लोगों को भी सुरक्षा के नाम पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।