Indonesia: Thousands of Muslims offered special prayers amid raging forest fires, hoping for rain.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इंडोनेशिया के दक्षिण सुमात्रा प्रांत में जंगलों और दलदली भूमि में धधक रही भीषण आग के बीच मंगलवार को पालेम्बांग में करीब 3,000 मुसलमानों ने विशेष नमाज ‘सलात- उल इस्तिस्का’ अदा की और बारिश के लिए दुआ मांगी।
वनाग्नि ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है। घने धुएं से ढके कई शहरों में लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है।
पर्यावरण मंत्रालय के ताजा उपग्रह आधारित आंकड़ों के अनुसार दक्षिण सुमात्रा में ऐसी 1,429 जगहों की पहचान की गई जहां वनाग्नि धधक रही है। यह देश के किसी भी प्रांत में सबसे अधिक है। इसके बाद पश्चिम कालीमंतन में 1,226 और मध्य कालीमंतन में 811 स्थानों पर आग के संकेत मिले हैं।
वन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अकेले जुलाई में करीब 940 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र आग की चपेट में आया गया जिसमें दक्षिण सुमात्रा का 20 वर्ग किलोमीटर से अधिक इलाका शामिल है।
दक्षिण सुमात्रा की राजधानी पालेम्बांग में करीब 3,000 लोग बारिश के लिए विशेष नमाज अदा करने के लिए जुटे। गवर्नर कार्यालय के परिसर में लोगों ने कंधे से कंधा मिलाकर नमाज पढ़ी।