पश्चिम एशिया संकट के कारण अबू धाबी में फंसे भारतीय बेंगलुरु लौटे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-03-2026
Indians stranded in Abu Dhabi due to West Asia crisis return to Bengaluru
Indians stranded in Abu Dhabi due to West Asia crisis return to Bengaluru

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण अबू धाबी में फंसे भारतीय यात्री सोमवार रात यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे और उनके चेहरे पर राहत नजर आई।
 
यात्रियों ने बताया कि खाड़ी देश में मिसाइल हमले की आशंका के बीच वे तनावपूर्ण माहौल से गुजर रहे थे। सुरक्षित स्वदेश लौटने पर उन्होंने एतिहाद एयरवेज, अबू धाबी सरकार और भारत सरकार का आभार जताया, जिन्होंने व्यवधान के दौरान उनके ठहरने और परिवहन की व्यवस्था की।
 
मंगलुरु के सौरभ शेट्टी अबू धाबी में एक तेल कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने स्थिति को “चिंताजनक और डरावनी” बताया। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को उड़ान पकड़ने पहुंचे तो सब सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक जांच कक्ष के पास अलार्म बजा और यात्रियों को खिड़कियों से दूर बैठने के लिए कहा गया।
 
शेट्टी के अनुसार, “किसी ने कहा मिसाइल हमला होने वाला है। हम स्तब्ध थे। हमें लगा अबू धाबी सबसे सुरक्षित शहर है। बाद में बाहर देखा तो आकाश में मिसाइल दिखाई दी। हमने कभी सोचा नहीं था कि यहां ऐसा हो सकता है।”