Indian Navy commissions INS Malvan, the second of Mahe-class Anti-Submarine Warfare Shallow Water Craft
कारवार (कर्नाटक)
भारतीय नौसेना ने बुधवार को माहे-क्लास एंटी-सबमरीन वॉरफेयर शैलो वॉटर क्राफ्ट (ASW-SWC) में से दूसरे, 'मालवन' को कमीशन किया। इस समारोह की अध्यक्षता एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, चीफ ऑफ एयर स्टाफ ने की। इस मौके पर वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, वेस्टर्न नेवल कमांड भी मौजूद थे। इनके अलावा नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (कोच्चि) के प्रतिनिधि और पूर्व सैनिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस मौके पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा, "हम सभी समझते हैं कि किसी भी देश के लिए समुद्री सुरक्षा कितनी महत्वपूर्ण है, क्योंकि समुद्री रास्ते ही व्यापार तय करते हैं और व्यापार ही देश का भविष्य तय करता है। हिंद महासागर क्षेत्र हमारे लिए महत्वपूर्ण है। भारतीय नौसेना सुरक्षित समुद्री संचार लाइनों को सुनिश्चित करने और व्यापार को बिना किसी रुकावट के जारी रखने में अहम भूमिका निभा रही है। इस युद्धपोत में 80% स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल हुआ है, जिससे हम जल्द ही 'आत्मनिर्भर भारत' के विजन को साकार करेंगे। भारतीय नौसेना ने शुरू से ही इस मंत्र को अपनाया है, जबकि हमने (IAF) इस दिशा में काफी देर से शुरुआत की, क्योंकि अलग-अलग क्षेत्रों को विकसित होने में अलग-अलग समय लगता है।"
उन्होंने आगे कहा, "मुझे उम्मीद है कि अन्य दो सेनाएं, खासकर IAF, इस बात से सीख लेंगी कि नौसेना ने इस कॉन्सेप्ट को कितनी सही तरह से लागू किया है।" कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL), कोच्चि में बना 'मालवन', आधुनिक नौसैनिक युद्धपोत निर्माण और डिजाइन में भारत के 'आत्मनिर्भर भारत' विजन का बेहतरीन उदाहरण है। 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री के साथ, यह जहाज युद्धपोत डिजाइन, निर्माण और एकीकरण में भारत की बढ़ती महारत को दर्शाता है।
इस मौके पर वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन ने कहा, "आज का दिन भारत की समुद्री यात्रा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। 80% से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल रक्षा निर्माण में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता का एक और सबूत है। 'मालवन' कारवार में कमीशन होने वाला पहला भारतीय नौसैनिक जहाज और इस साल कमीशन होने वाला सातवां जहाज बन गया है; इसके बाद 12 और जहाज कमीशन किए जाएंगे। यह जहाज भारत की समृद्ध विरासत को दर्शाता है।"
रक्षा मंत्रालय ने पहले कहा था कि 'मालवन' का कमीशन होना नई पीढ़ी के स्वदेशी शैलो-वॉटर वॉरियर्स (कम गहरे पानी में लड़ने वाले जहाज) को शामिल करने की प्रक्रिया को जारी रखता है - ये जहाज शानदार, तेज और गर्व से भारतीय हैं।