न्यूयॉर्क शहर नेतन्याहू को गिरफ्तार नहीं कर सकता, लेकिन संघीय सरकार को ऐसा करना चाहिए: ममदानी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-07-2026
New York City cannot arrest Netanyahu, but the federal government should: Mamdani
New York City cannot arrest Netanyahu, but the federal government should: Mamdani

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
न्यूयॉर्क के महापौर जोहरान ममदानी ने मंगलवार देर रात कहा कि दुनिया की सर्वोच्च युद्ध अपराध अदालत द्वारा इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को न्यूयॉर्क शहर लागू नहीं कर सकता, लेकिन उन्होंने संघीय सरकार से ऐसा करने का आग्रह किया।

ममदानी ने एक वीडियो संदेश में इजराइल के प्रधानमंत्री को ‘‘युद्ध अपराधी’’ बताया और कहा कि न्यूयॉर्क शहर में उनका स्वागत नहीं है।
 
ममदानी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि इस गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का हमारे पास स्वतंत्र कानूनी अधिकार नहीं है।’’
 
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘हालांकि, संघीय सरकार के पास यह अधिकार है और मैं उससे आईसीसी में शामिल होकर इस गिरफ्तारी वारंट को लागू करने का आग्रह करता हूं।’’
 
ममदानी ने इस महीने की शुरुआत में ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ से कहा था कि यदि नेतन्याहू सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए न्यूयॉर्क शहर आते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार करने के मुद्दे पर वह और शहर का विधि विभाग विचार-विमर्श कर रहे हैं।
 
संयुक्त राष्ट्र में इजराइल के राजदूत डैनी डैनन ने इसके जवाब में महापौर से कहा, ‘‘बस बहुत हो गया।’’
 
उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, ‘‘आप न्यूयॉर्क के लोगों की सेवा करने के लिए चुने गए हैं, हमास के प्रचार का माध्यम बनने के लिए नहीं। आप अपना काम कीजिए!’’
 
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हालांकि सोमवार को नेतन्याहू को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘अमेरिका में रहते हुए आपको किसी भी स्थिति में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा’’।
 
इस पोस्ट में ममदानी का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया गया था।