Tamil Nadu Minister Arjun condemns police action against students protesting against NEET
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के लोक निर्माण एवं खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक मामले के खिलाफ राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और विपक्षी नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार की आलोचना की है।
अर्जुन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को "लोकतंत्र को कुचलना" करार देते हुए नीट के खिलाफ तमिलनाडु के अडिग रुख को दोहराया।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, "नीट के विरोध में पहली आवाज तमिलनाडु में उठी थी और आज वह आवाज पूरे देश में गूंज रही है।"
अर्जुन ने कहा कि देशभर के छात्र शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं और उस व्यवस्था को समाप्त करने की मांग कर रहे हैं, जो राज्य-स्तरीय शिक्षा और युवाओं के भविष्य को कमजोर करती है।
मंत्री ने नयी दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ "अपराधियों" जैसा व्यवहार किए जाने की आलोचना की।
उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा को हिरासत में लिए जाने की भी आलोचना की।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के निकट धरना दिया था।