India well-positioned to play a global role in semiconductor manufacturing: Chandrasekaran
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने मंगलवार को कहा कि सेमीकंडक्टर भारत के भविष्य के लिए बेहद अहम होंगे। देश में कुशल प्रतिभाओं, बड़े घरेलू बाजार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की संभावनाओं को देखते हुए भारत वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की स्थिति में है।
‘ब्लूमबर्ग न्यू इकॉनमी फोरम 2026’ में चंद्रशेखरन ने कहा कि तेजी से अनिश्चित होते वैश्विक माहौल में कारोबार क्षेत्रों को दक्षता के बजाय मजबूती को प्राथमिकता देनी चाहिए क्योंकि भू-राजनीतिक तनाव, कृत्रिम मेधा (एआई) से होने वाले बदलाव, जिंस कीमतों का दबाव और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े संकट एक साथ सामने आ रहे हैं।
उन्होंने किसी रणनीति या योजना की सफलता को लेकर निश्चित समयसीमा के सवाल के जवाब में कहा, ‘‘इसलिए, हम दो साल में या तीन साल में सही दिशा में आगे बढ़ पाएंगे और तय आंकड़ों तक पहुंचेंगे या नहीं, यह मुख्य बात नहीं है। मुख्य बात यह है कि घरेलू खपत के लिए चिप की जरूरत बुनियादी तौर पर बनी रहने वाली है।’’
चंद्रशेखरन ने कहा कि कुशल प्रतिभाओं, बड़े घरेलू बाजार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में भागीदारी की क्षमता के कारण भारत सेमीकंडक्टर विनिर्माण की क्षमताएं विकसित करने के लिए अनुकूल स्थिति में है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में हमारे पास बहुत अच्छी स्थिति है क्योंकि हमारे पास प्रतिभाएं हैं, घरेलू बाजार है और हम हर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भूमिका निभा सकते हैं।’’