आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत ने लातिन अमेरिका में अपनी राजनयिक उपस्थिति बढ़ाने के उद्देश्य से कोस्टा रिका की राजधानी सैन होजे में अपना नया स्थानीय राजनयिक मिशन शुरू किया है।
भारत और कोस्टा रिका के बीच संबंधों में मजबूती आ रही है और दोनों पक्ष व्यापार, निवेश, दवा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत का नया राजनयिक मिशन 10 अक्टूबर से शुरू हो गया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘कोस्टा रिका में भारत के स्थानीय मिशन के शुरू होने से मध्य अमेरिका में भारत की राजनयिक उपस्थिति बढ़ाने और भारत तथा कोस्टा रिका के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।’’
मंत्रालय ने कहा, ‘‘इससे दोनों देशों के बीच राजनीतिक संपर्क बढ़ाने, द्विपक्षीय व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने तथा साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने में मदद मिलेगी।’’
मंत्रालय ने कहा कि इस मिशन से दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मुद्दों पर कोस्टा रिका के साथ निरंतर संवाद को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।