आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर ने कहा कि वह बल्लेबाजी क्रम में किसी भी स्थान पर उतरने के लिए तैयार हैं क्योंकि उन्हें बल्लेबाजी में अलग-अलग भूमिकाएं रोमांचित करती हैं।
वाशिंगटन की खेल के विभिन्न प्रारूपों में भूमिकाएं बदलती रहती हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार को यहां खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में वह पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए आए और उन्होंने नाबाद 52 रन बनाए। भारत ने यह मैच छह विकेट से जीता।
इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने अक्षर पटेल (नाबाद 57) के साथ 102 रन की अटूट साझेदारी की। कप्तान शुभमन गिल की 80 रन की पारी के बाद इन दोनों ने मिलकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया।
वाशिंगटन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे अलग-अलग भूमिकाएं निभाना रोमांचक लगता है। बहुत कम खिलाड़ियों को अलग-अलग भूमिकाएं निभाने का मौका मिलता है। इससे मुझे अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का मौका मिलता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं टीम को जीत दिलाने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करता हूं। खेल की अलग-अलग परिस्थितियों और अलग-अलग चरणों में खेलना रोमांचक होता है।’’