आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने पार्टी प्रमुख शरद पवार द्वारा पिछले हफ्ते महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के दफ्तर में अपने विधायकों के साथ की गई बैठक को लेकर लगाई जा रही अकटलों को बुधवार को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह घटना ‘महज एक संयोग’ थी।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक बैठकों को शक की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए और लोगों से अपील की कि वे यह सोचना बंद करें कि राजनीतिक नेताओं के बीच होने वाली हर बैठक किसी साजिश का हिस्सा होती है।
पवार ने गत बुधवार (आठ जुलाई को) को मुंबई में विधान भवन परिसर में शिंदे के कार्यालय में अपनी पार्टी के विधायकों से मुलाकात की थी।
वरिष्ठ नेता पवार लंबे समय से लंबित महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद को लेकर राज्य सरकार द्वारा गठित उच्च अधिकार समिति के सदस्य के तौर पर एक बैठक में शामिल होने के लिए विधानसभा परिसर गए थे। राकांपा(शप) अध्यक्ष ने बैठक के बाद शिंदे से उनके चैंबर में जाकर मुलाकात की।
राकांपा(शप)विपक्षी गठबंधन ‘महा विकास अघाडी’ (एमवीए) का हिस्सा है।