आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर भारत के राज्यों में मानसून के बेसब्री से इंतजार के बीच हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है और सप्ताहांत पर होटल में कमरों की बुकिंग 80 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है।
‘फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन्स’ के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “पिछले सप्ताहांत पर कमरों की बुकिंग का औसत 80 से 90 प्रतिशत के बीच था जबकि सप्ताह के दिनों में यह 60 से 70 प्रतिशत के बीच रहा है। ”
उन्होंने बताया, “हमारा संगठन पर्यटकों को जागरूक कर रहा है कि वे खूबसूरत नजारों का आनंद लेते हुए ‘देवभूमि हिमाचल’ की स्थानीय परंपराओं, संस्कृति का भी सम्मान करें।”
राज्य में मनाली, शिमला, धर्मशाला, डलहौजी, कसौली और चैल जैसे पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ देखी जा रही है, साथ ही पर्यटक लाहौल-स्पीति और किन्नौर जैसे आदिवासी जिलों में भी घूमने जा रहे हैं।
ठाकुर ने कहा, “हिमाचल में हर तरह का पर्यटन है। हालांकि, जब बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं तो यातायात जाम की समस्य उन्हें खासा परेशान करती है और जाम वाली जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने से इस समस्या को कुछ हद तक हल किया जा सकता है।”
उन्होंने राज्य में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच हाल में हुई झड़पों का जिक्र करते हुए कहा कि सुगम यातायत से झगड़े कम हो सकते हैं और भारी पुलिस तैनाती से सुरक्षा का अहसास होता है तथा असामाजिक तत्व काबू में रहते हैं।