हिमाचल प्रदेश : पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-05-2026
Himachal Pradesh: Voting begins for the first phase of Panchayat elections
Himachal Pradesh: Voting begins for the first phase of Panchayat elections

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मंगलवार सुबह सात बजे 1,293 पंचायतों में मतदान शुरू हो गया। इस बीच राज्य के 12 में से छह जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान, उप-प्रधान, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों सहित 9,000 से अधिक उम्मीदवारों के चुनाव के लिए 16.5 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।
 
अधिकारियों के अनुसार चुनाव मतपत्रों के जरिए कराए जा रहे हैं और इनमें राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। मतदान अपराह्न तीन बजे तक जारी रहेगा।
 
राज्य निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य, प्रधान और उप-प्रधान पदों के परिणाम मंगलवार को ही घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सीटों के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
 
उन्होंने बताया कि मतपत्रों को अलग-अलग रंगों में तैयार किया गया है। वार्ड सदस्यों के लिए सफेद, उप-प्रधानों के लिए पीला, प्रधानों के लिए हरा, पंचायत समिति सदस्यों के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्यों के लिए नीले रंग के मतपत्र रखे गए हैं।
 
तीन चरणों में होने वाले इन चुनावों में कुल 50.89 लाख मतदाता 31,182 जनप्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप-प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।
 
अधिकारियों ने बताया कि 10,854 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। दूसरे और तीसरे चरण का मतदान क्रमशः 28 और 30 मई को होगा।