Heavy rains lash Bengal, rainfall expected to continue for the next few days: IMD
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से में मॉनसून की मूसलाधार बारिश हुई। राज्य के उत्तरी हिस्से में स्थित कूचबिहार में शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 143 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बारिश से सराबोर राज्य की राजधानी में सुबह से लगातार वर्षा होने के कारण स्कूल और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव और यातायात धीमा होने के कारण शहर के कई हिस्से प्रभावित हुए, जिनमें सॉल्ट लेक क्षेत्र का आईटी हब सेक्टर-पांच भी शामिल है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण बंगाल के दमदम में सबसे ज़्यादा 96 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दमदम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थित है।
राज्य के अन्य स्थानों में अलीपुरद्वार में 112 मिमी, बैरकपुर में 68 मिमी, हल्दिया में 64 मिमी, डायमंड हार्बर में 63 मिमी और सॉल्ट लेक में 55 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण बंगाल में 13 जुलाई तक और उत्तर बंगाल में 15 जुलाई तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
आईएमडी ने अनुमान जताया है कि कोलकाता में अगले कुछ दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।