आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर के शोपियां में एचडीएफसी बैंक की एक शाखा में ईओडब्ल्यू द्वारा वित्तीय धोखाधड़ी को उजागर किए जाने के बाद बैंक ने इससे प्रभावित पीड़ित जमाकर्ताओं को लगभग 4.50 करोड़ रुपये वापस कर दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि यह राशि शोपियां एचडीएफसी बैंक अनियमितता मामले में कश्मीर आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की ‘‘त्वरित और समयबद्ध’’ जांच तथा तत्काल कार्रवाई के बाद लौटाई गई।
ईओडब्ल्यू ने कहा कि यह मामला बैंक की शोपियां शाखा में वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है।
बाद में विस्तृत जांच के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मामला जम्मू कश्मीर अपराध शाखा को सौंप दिया गया।
बयान के अनुसार जांच के दौरान कश्मीर ईओडब्ल्यू ने पांच मुख्य आरोपियों की पहचान की जिनमें शोपियां और पुलवामा में तैनात एचडीएफसी बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक और कर्मचारी शामिल थे। इन पांचों को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था।