Haryana's biggest web series, 'Mahapunarjanm', will be released on OTT platforms from October 31st.
                                
                                    
	आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
	
	
	 
	हरियाणा की नई वेब सीरीज़ ‘महापुनर्जन्म: द ग्रेट स्टोरी ऑफ रीबर्थ्स’ 31 अक्टूबर से ओटीटी प्लेटफॉर्म STAGE ऐप पर स्ट्रीम होने जा रही है। यह 26 एपिसोड वाली सीरीज़ श्री अधिकारी ब्रदर्स के बैनर तले बनी है और इसे अब तक की हरियाणा की सबसे बड़ी वेब सीरीज़ बताया जा रहा है।
	 
	इस सीरीज़ की खासियत यह है कि हर शुक्रवार दो नए एपिसोड रिलीज़ किए जाएंगे। यानी यह हरियाणा की पहली बड़ी साप्ताहिक वेब सीरीज़ होगी, जो लगातार दर्शकों को जोड़कर रखेगी। महापुनर्जन्म की शूटिंग हरियाणा के भिवानी में की गई है और इसमें हरियाणा व मुंबई दोनों जगहों के कलाकार शामिल हैं।
	 
	कहानी पुनर्जन्म, कर्म और किस्मत की रहस्यमयी दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है। यह सीरीज़ इंसानी भावनाओं, प्रेम और अधूरी इच्छाओं के गहरे पहलुओं को छूती है। निर्माता कैलासनाथ अधिकारी और रवि अधिकारी ने बताया कि इस शो के ज़रिए हरियाणवी कंटेंट को एक नए स्तर पर ले जाने की कोशिश की गई है।
	 
	उन्होंने कहा, “महापुनर्जन्म केवल पुनर्जन्म की कहानी नहीं है, बल्कि यह इंसान की आत्मा की अधूरी यात्रा की कहानी है। यह सीरीज़ हरियाणवी कंटेंट को ओटीटी पर नई परिभाषा देगी।”
	 
	दिलचस्प बात यह है कि इस सीरीज़ का प्रीमियर हरियाणा दिवस (1 नवंबर) से ठीक एक दिन पहले किया जा रहा है। प्लेटफ़ॉर्म ने इसे दर्शकों के लिए “एक खास दिवाली गिफ्ट” बताया है।
	 
	STAGE ऐप भारत का पहला बोली-आधारित ओटीटी प्लेटफॉर्म है, जो हरियाणवी, रजस्थानी, छत्तीसगढ़ी और भोजपुरी जैसी भाषाओं में ओरिजिनल कंटेंट पेश करता है। महापुनर्जन्म के ज़रिए हरियाणवी मनोरंजन उद्योग को एक नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है, जो न सिर्फ़ स्थानीय संस्कृति को उजागर करेगा बल्कि दर्शकों को रहस्य और अध्यात्म की अनोखी यात्रा पर भी ले जाएगा।