PM अपील के बाद राज्यपालों ने घटाया काफिला

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-05-2026
Governors reduced convoys after PM's appeal
Governors reduced convoys after PM's appeal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
कर्नाटक और तेलंगाना के राज्यपालों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता के आह्वान के बाद बृहस्पतिवार को अपने आधिकारिक काफिले का आकार घटा दिया।

कर्नाटक लोकभवन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर ईंधन संरक्षण और विदेशी मुद्रा व्यय में कमी लाने के प्रधानमंत्री के आह्वान पर यह कदम उठाया है।
 
पोस्ट में कहा गया, “माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान के बाद, कर्नाटक के माननीय राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने अपने काफिले को न्यूनतम कर दिया है।”
 
मोदी ने हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली को संबोधित करते हुए यह आह्वान किया था, जिसके कुछ दिन बाद गहलोत ने यह कदम उठाया है।
 
वहीं, तेलंगाना के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या आधी करने की घोषणा की।
 
उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश देने का आग्रह करेंगे कि प्रधानमंत्री के आह्वान का राज्य में पूरी तरह से पालन किया जाए।
 
शुक्ला ने कहा, “यह मुख्यमंत्री से उनकी अपील है।”
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करके एक उदाहरण पेश किया है।
 
राज्यपाल ने कहा कि तेलंगाना में पदभार संभालने के बाद उन्होंने पहले ही अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी थी।
 
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, “फिर भी, मैंने फैसला किया है कि लोक भवन अपने काफिले में वाहनों की संख्या 50 प्रतिशत कम करेगा।”