भारत-अमेरिका संबंधों की प्रगति को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं: विदेश मंत्रालय

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 27-06-2025
Fully confident about the progress of India-US relations: Foreign Ministry
Fully confident about the progress of India-US relations: Foreign Ministry

 

नई दिल्ली

भारत ने कहा है कि उसने पाकिस्तान के सेना प्रमुख की हालिया व्हाइट हाउस यात्रा का संज्ञान लिया है, लेकिन इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि भारत-अमेरिका की साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित है और यह 21वीं सदी की एक अहम साझेदारी के रूप में निरंतर आगे बढ़ रही है।

गुरुवार को आयोजित साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को व्हाइट हाउस से मिले निमंत्रण के बारे में पूछा गया था।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 18 जून को व्हाइट हाउस में पाकिस्तानी सेना प्रमुख के साथ दोपहर का भोजन किया था।

जब इस पर भारत की प्रतिक्रिया के बारे में सवाल किया गया, तो जायसवाल ने कहा, “हमने इस यात्रा का संज्ञान लिया है। इससे संबंधित हमारे पास कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं है।”

इसके साथ ही उन्होंने भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर भारत की स्थिति को स्पष्ट किया।

प्रवक्ता ने कहा, “भारत-अमेरिका साझेदारी व्यापक और गहरी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और बढ़ते रणनीतिक सहयोग पर आधारित है।”

उन्होंने यह भी जोड़ा, “दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को उच्च स्तर पर प्राथमिकता दी जाती है, जो व्यापार, उन्नत तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और कई अन्य क्षेत्रों में निरंतर संवाद और सहयोग के रूप में दिखाई देती है।”जायसवाल ने विश्वास जताया, “हम 21वीं सदी की इस सबसे महत्वपूर्ण साझेदारी की प्रगति को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।”