आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ग्रेटर बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा द्वारा शहर की समस्याओं को लेकर बार-बार ‘विरासत में मिली दिक्कतों और व्यवस्था की विफलताओं’ का उल्लेख किये जाने पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता आर. अशोक ने सोमवार को आरोप लगाया कि गौड़ा अपने पूर्ववर्ती डी के शिवकुमार की ‘‘विनाशकारी विरासत’’ से दूरी बनाकर पहले से ही अपने बचाव की तैयारी कर रहे हैं।
अशोक ने यह भी दावा किया कि ग्रेटर बेंगलुरु विकास विभाग और उससे जुड़े विभागों को लेकर शिवकुमार एवं गौड़ा के बीच मतभेद हैं।
कर्नाटक की पिछली सिद्धरमैया सरकार में शिवकुमार बेंगलुरु विकास विभाग के प्रभारी थे।
अशोक ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कृष्णा बायरे गौड़ा बनाम डी के शिवकुमार: कांग्रेस का बेंगलुरु गृहयुद्ध अब खुलकर सामने आ गया है। अनिच्छा से बेंगलुरु विकास विभाग का कार्यभार संभालने के बाद से गौड़ा लगातार अपने पूर्ववर्ती डी के शिवकुमार की छोड़ी हुई विरासत से दूरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके हर बयान और साक्षात्कार से यही संदेश मिल रहा है कि बेंगलुरु पहले से ही बदहाल था, इसके लिए उन्हें दोष न दिया जाए।”
उन्होंने कहा कि गौड़ा की टिप्पणियां वास्तव में पिछली बेंगलुरु प्रशासन व्यवस्था पर सरेआम ठीकरा फोड़ने के समान हैं।
अशोक ने कहा, ‘‘जब कोई मंत्री यह कहते हैं कि शहर की सबसे बड़ी समस्या कमजोर प्रशासन, नियमों के पालन में कमी, अवैध लेआउट और चरमराती प्रशासनिक व्यवस्था है, तो वह विपक्ष पर हमलावर नहीं, बल्कि पिछले तीन वर्षों में शहर का नेतृत्व करने वाले प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।’’
कृष्णा बायरे गौड़ा ने शहर से जुड़े प्रमुख विभागों का पूर्ण आवंटन नहीं होने का हवाला देते हुए ग्रेटर बेंगलुरु विकास विभाग का कार्यभार संभालने में देरी की थी। वह इस बात से असंतुष्ट थे कि मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) और बेंगलुरु महानगरीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बीएमआरडीए) जैसे प्रभावशाली निकायों को अपने नियंत्रण में रखा है।