दिल्ली में कड़ाके की ठंड, तापमान गिरकर मौसम के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-01-2026
Delhi reels under severe cold as temperatures plunge to season's lowest
Delhi reels under severe cold as temperatures plunge to season's lowest

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को इस सर्दी के मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया जबकि शहर के कई स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई।
 
न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में सामान्य तापमान से लगभग 2.3 डिग्री सेल्सियस कम था और यह इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही।
 
शहरभर के मौसम स्टेशनों ने भी सुबह के शुरुआती घंटों में हल्की बारिश दर्ज की, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।
 
स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम था, जबकि पालम में 5.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम था। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था, जबकि रिज स्टेशन पर 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम था।
 
सूचीबद्ध स्टेशनों में आयानगर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो औसत से 1.2 डिग्री कम था।
 
सफदरजंग और लोधी रोड में पिछले 24 घंटों में सुबह साढ़े आठ बजे तक मामूली बारिश दर्ज की गई, जबकि आयानगर में 0.8 मिमी बारिश हुई।
 
इसी अवधि के दौरान पालम और रिज स्टेशन पर कोई बारिश दर्ज नहीं की गई।
 
क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार, दिल्ली में अक्षरधाम, लोधी रोड, नेहरू स्टेडियम, आर के पुरम, डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, तुगलकाबाद, इग्नू, आयानगर और डेरामंडी समेत कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने पूर्वानुमान बुलेटिन में कहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
 
विभाग ने कहा, ‘‘आज सुबह कड़ाके की ठंड है लेकिन अभी तक शीत लहर की कोई आशंका नहीं है।’’
 
दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
 
बृहस्पतिवार को मौसम की तीसरी सबसे ठंडी सुबह रही थी, क्योंकि शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में पारा गिरकर 5.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है।
 
इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान चार और पांच दिसंबर को दर्ज किया गया था, जब तापमान गिरकर 5.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
 
एक दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस था, जिससे बृहस्पतिवार का न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस इस सर्दी में अब तक दर्ज किया गया तीसरा सबसे कम तापमान था।
 
दिल्ली में इस साल का पहला शीत दिवस छह जनवरी को दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान गिरकर 15.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत से 3.3 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था।
 
बुधवार को भी राजधानी में भीषण ठंड का प्रकोप जारी था। अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम था, और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो मौसमी औसत से 1.7 डिग्री कम था।