Delhi records month's lowest minimum temperature, air quality in moderate category
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
पालम में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 16 डिग्री सेल्सियस, रिज में 16.6 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन मौसम केंद्रों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
आईएमडी ने दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 176 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है।