आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने शनिवार को एक आधिकारिक आदेश जारी कर अधिकारियों को परियोजना निरीक्षण के लिए ‘कारपूल’ या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का निर्देश दिया।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ऊर्जा सुरक्षा उपायों के आह्वान को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों की सभी विदेश यात्राएं व्यक्तिगत या फिर व्यावसायिक सभी को रद्द करने का आदेश दिया।
आदेश के मुताबिक, “अगले आदेश तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी व्यक्तिगत या आधिकारिक रूप से कोई भी विदेश यात्रा नहीं करेगा। अगर कोई विदेश यात्रा का प्रस्ताव है, तो उसे तुरंत रद्द कर दिया जाए और विदेश यात्रा के लिए पहले से स्वीकृत कोई भी अवकाश रद्द माना जाए।”
पीडब्ल्यूडी ने निर्देश दिया कि निरीक्षण, उद्घाटन और आधिकारिक कार्यक्रमों के दौरान ‘अधिकारी इलेक्ट्रिक वाहनों, साझा वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर एक साथ यात्रा करें’।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इससे पहले 90 दिवसीय ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ ईंधन बचत अभियान शुरू किया था, जिसमें दिल्ली सरकार के कर्मचारियों के लिए दो दिन घर से काम करने का प्रावधान शामिल है और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग को प्रोत्साहित किया गया है।
आदेश के मुताबिक, “सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। साथ ही, विभाग को अपने वाहन बेड़े का तेजी से विद्युतीकरण करना चाहिए।”