आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मध्य दिल्ली स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में चार सितंबर को होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह से पहले सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
लक्ष्मी नारायण मंदिर को बिरला मंदिर के नाम से भी जाना जाता है।
नयी दिल्ली जिला पुलिस के अनुसार, मुख्य मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को केवल मंदिर मार्ग से प्रवेश की अनुमति होगी। इसके अनुसार, मंदिर मार्ग तक काली बाड़ी मार्ग या पेशवा रोड से पहुंचा जा सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मुख्य प्रवेश द्वारों पर ‘डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर’ (डीएफएमडी) लगाए गए हैं और श्रद्धालुओं से सुरक्षा जांच में पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, मंदिर परिसर के अंदर हैंडबैग, ब्रीफकेस, पार्सल, खाद्य पदार्थ के पैकेट, कैमरा, मोबाइल फोन और बैटरी से संचालित अन्य उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने बताया कि मंदिर प्रबंधन ने काली बाड़ी मार्ग के पास तथा पेशवा रोड पर हिंदू महासभा कार्यालय के बगल में जूते-चप्पल रखने की व्यवस्था की है।