Cyclone likely in Bay of Bengal, heavy rains in coastal districts of West Bengal from October 28
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदल सकता है, जिससे 28 अक्टूबर से पश्चिम बंगाल के तटीय और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस मौसमी प्रणाली के कारण राज्य के दक्षिणी हिस्सों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ सकता है।
आईएमडी ने कहा कि 28 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में गरज के साथ बारिश होने और हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।