CPI(M) leader Riyaz denies allegations of hawala transactions against his wife Veena
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता पी. ए. मोहम्मद रियाज ने मंगलवार को उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें दावा किया गया कि उनकी पत्नी वीणा टी. ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने हवाला लेनदेन की बात स्वीकार की है।
रियाज ने कहा कि यह उनकी छवि खराब करने की कोशिश हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा के पति रियाज ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इस साल मई में कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले की जांच के दौरान ईडी को मिले ‘‘नोट’’ भविष्य की व्यावसायिक योजना से संबंधित थे जिसे वीणा शुरू करने की तैयारी कर रही थीं।
पूर्व राज्य मंत्री और बेपोर से मौजूदा विधायक रियाज ने ऐसी खबरों के प्रकाशित होने के समय पर भी सवाल उठाया जब माकपा की राज्य इकाई की विस्तारित समिति की बैठक समाप्त होने वाली थी।
उन्होंने दावा किया कि हवाला लेनदेन के सिलसिले में उन्हें फंसाने के ईडी के पिछले प्रयास नाकाम रहने के बाद, एजेंसी अब उनके निर्वाचन क्षेत्र में विकास कार्यों से संबंधित बनाए गए एक समूह पर ऐसे आरोप लगा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘कुछ खबरों में दावा किया जा रहा है कि वीणा ने हवाला लेनदेन की बात कबूल कर ली है। यह पूरी तरह से बकवास और झूठ है। वह ‘नोट’ केवल भविष्य के उस व्यवसाय का उल्लेख करते है जिसकी वीणा योजना बना रही थीं। उन्होंने किसी भी काले धन की बात स्वीकार नहीं की है। ऐसे आरोपों का मकसद उन्हें बदनाम करना है।’’