भाकपा का सीएमआरएल के सौदों से कोई संबंध नहीं है : बिनॉय विश्वम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-08-2026
CPI has no connection with CMRL deals: Binoy Viswam
CPI has no connection with CMRL deals: Binoy Viswam

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के केरल प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम ने बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. से जुड़े सीएमआरएल मामले पर सवालों को टालते हुए कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की राजनीति कारोबार से अलग है और उनकी पार्टी की ऐसे लेन-देन में कोई भूमिका नहीं है।

इस मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विश्वम ने कहा कि इस मामले का भाकपा से कोई लेना-देना नहीं है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘भाकपा इसमें कहीं भी शामिल नहीं है। पार्टी की ऐसे लेन-देन में कोई भूमिका नहीं है और भविष्य में भी कभी नहीं होगी। इसलिए, हमें इस बारे में कुछ नहीं कहना है। एलडीएफ की राजनीति कारोबार से अलग है।’’
 
भाकपा, माकपा की करीबी सहयोगी और एलडीएफ का एक प्रमुख घटक है।
 
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाकपा वीणा के खिलाफ ईडी के मामले को राजनीतिक रूप से प्रेरित मानती है, जैसा कि माकपा का दावा है, तो विश्वम ने कहा, ‘‘राजनीति कारोबार से अलग है। भाकपा को इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है।’’
 
प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को एक बयान में कहा था कि उसने मई में वीणा से जुड़े परिसरों पर छापेमारी के दौरान कुछ ‘‘हस्तलिखित’’ नोट जब्त किए थे जिनमें दुबई में धन के कुछ हस्तांतरण का विवरण था।