कांग्रेस नेता ज्ञापन सौंपने के लिए सीईओ के कार्यालय गए थे, प्रदर्शन करने नहीं : परमेश्वर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-10-2026
Congress leaders went to CEO's office to submit a memorandum, not to protest: Parameshwara
Congress leaders went to CEO's office to submit a memorandum, not to protest: Parameshwara

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने शनिवार को कांग्रेस नेताओं के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय जाने को लेकर भाजपा की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि वे प्रदर्शन करने के लिए नहीं बल्कि ज्ञापन सौंपने के लिए वहां गए थे।

मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के नेतृत्व में उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी वी. अंबूकुमार से मुलाकात की और मतदाता सूचियों के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग की शिकायत की।
 
बाद में शिवकुमार और मंत्री सीईओ के कार्यालय की सीढ़ियों पर बैठ गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह फॉर्म के ‘‘दुरुपयोग’’ के मामले में कार्रवाई होने तक वहां से नहीं जाएंगे।
 
फॉर्म-7 मौजूदा मतदाता सूची में किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने या किसी नाम को हटाने के लिए आवेदन करने के लिये है।
 
शिवकुमार ने आरोप लगाया था कि भाजपा फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर अल्पसंख्यकों, दलितों और अनुसूचित जनजातियों के सदस्यों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए उन्हें निशाना बना रही है। शिवकुमार ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग दूसरों की ओर से उनके नाम हटाने के लिए आवेदन कर रहे हैं।