आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
Cockroach Janata Party के संस्थापक Abhijeet Deepke ने संगठन के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि कई अकाउंट हटाए जाने और हैकिंग की घटनाओं के बाद अब संगठन किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है।
दीपके ने ‘एक्स’ पर कहा कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर लिया गया है। इससे पहले सीजेपी के ‘एक्स’ अकाउंट पर भारत में रोक लगाए जाने के बाद उन्होंने नया अकाउंट बनाया था, लेकिन उस पर भी कार्रवाई होने का दावा किया गया।
सीजेपी ने हाल ही में शिक्षा व्यवस्था और नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ ऑनलाइन अभियान शुरू किया था। इसके बाद दीपके ने जान से मारने की धमकियां मिलने का आरोप भी लगाया और कथित स्क्रीनशॉट साझा किए।
शनिवार को किए गए पोस्ट में दीपके ने कहा कि फिलहाल संगठन अपने किसी भी सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुंच नहीं बना पा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगे आने वाले किसी भी पोस्ट को संगठन का आधिकारिक बयान न माना जाए।
दीपके का यह भी दावा है कि संगठन की वेबसाइट को भी बंद कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उनके अभियान के कारण की गई है।