आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को उद्यमियों, उद्योग जगत के दिग्गजों और घरेलू एवं वैश्विक निवेशकों से गुजरात में निवेश करने का आह्वान किया।
इसके साथ ही पटेल ने कहा कि विनिर्माण, नई प्रौद्योगिकियों और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में राज्य में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने 11वें ‘वाइब्रेंट गुजरात’ शिखर सम्मेलन के बारे में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में कहा कि गुजरात स्थिर नीतियों, प्रतिभाशाली युवाओं, प्रभावी शासन, बड़े स्तर पर काम करने की क्षमता और पारदर्शिता की पेशकश करता है।
गुजरात सरकार का तीन-दिवसीय निवेशक सम्मेलन ‘वाइब्रेंट गुजरात’ 10 जनवरी, 2027 से शुरू होगा।
पटेल ने कहा, ‘‘आज मैं घरेलू और वैश्विक निवेशकों, उद्यमियों और उद्योग जगत के दिग्गजों को गुजरात आने का निमंत्रण देता हूं। कृपया आएं, राज्य के विकास में भागीदार बनें और नई प्रौद्योगिकियों में निवेश करें। विनिर्माण की नई क्षमताएं स्थापित करें और हरित विकास के अवसरों का लाभ उठाएं।’’
उन्होंने कहा कि गुजरात वैश्विक निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। जनवरी, 2000 से मार्च, 2026 के बीच राज्य में 74.6 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश आया है।