आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने मंगलवार को इस्माइली मुसलमानों के 50वें इमाम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम को राज्य सरकार द्वारा सात दिसंबर से आयोजित किए जाने वाले तीन दिवसीय‘तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट’ में शामिल होने का न्योता दिया।
रेड्डी ने यहां खान से मुलाकात के दौरान आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (एकेडीएन) से सिटी कॉलेज और निजाम के दौर के उस्मानिया जनरल अस्पताल (ओजीएच) की इमारतों के जीर्णोद्धार में सहायता मांगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओजीएच के लिए नयी इमारतों का निर्माण कर रही है और पुराने अस्पताल परिसर को विरासत स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, रेड्डी ने कहा कि ‘ग्लोबल समिट’ हैदराबाद के बाहरी इलाके में राज्य सरकार द्वारा विकसित किए जा रहे ‘फ्यूचर सिटी’ में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिखर सम्मेलन में 100 देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
रेड्डी ने कहा कि ‘फ्यूचर सिटी’ को 30,000 एकड़ क्षेत्र में 'नेट जीरो सिटी' के रूप में विकसित किया जा रहा है।