Chhatrapati Sambhajinagar have links with terrorists.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि छत्रपति संभाजीनगर में कुछ लोगों के पाकिस्तान स्थित तत्वों और कश्मीर में सक्रिय आतंकवादियों से संबंध हैं। उन्होंने जिले में कथित आतंकी और मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए जिले में व्यापक तलाशी अभियान चलाने की मांग की।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री शिरसाट ने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध करेंगे। फडणवीस के पास गृह विभाग का प्रभार भी है।
छत्रपति संभाजीनगर के प्रभारी मंत्री शिरसाट ने कहा कि पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री लालकृष्ण आडवाणी के कार्यकाल में इस जिले को "संवेदनशील" घोषित किया गया था। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि आतंकवाद-रोधी दस्ते (एटीएस) ने पहले भी इस जिले में आतंकवादियों को ढेर किया था।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "छत्रपति संभाजीनगर में ऐसे लोग हैं जिनके पाकिस्तान और कश्मीर से लंबे समय से संबंध रहे हैं। इससे पहले एल. के. आडवाणी के (केंद्रीय गृह मंत्री के) कार्यकाल के दौरान इस जिले को 'संवेदनशील' घोषित किया गया था।"
उन्होंने कहा कि एटीएस ने यहां कुछ आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया था। उन्होंने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लेने की जरूरत है क्योंकि कुछ लोगों के संबंध पाकिस्तान स्थित तत्वों और कश्मीर में मौजूद आतंकवादियों से हैं।
उन्होंने कहा, "अपने नेटवर्क के जरिए ऐसे लोग न सिर्फ आतंकी गतिविधियां चला रहे हैं, बल्कि मादक पदार्थ की तस्करी भी कर रहे हैं। लोग मादक पदार्थ की लत का शिकार हो रहे हैं, जिससे शहर में हत्याएं हो रही हैं। हम इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं और मैं इस बारे में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई करने का अनुरोध करूंगा...।"
शिरसाट ने पुलिस से निगरानी बढ़ाने और पूरे जिले में तलाशी अभियान चलाने का आग्रह किया।