आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा छापे मारे जाने के बाद केंद्र पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत केंद्र सरकार पंजाब के साथ ‘‘खतरनाक खेल’’ खेल रही है।
मान ने केंद्र सरकार पर अपने राजनीतिक मकसद पूरे करने के लिए ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों को ‘‘हथियार’’ के रूप में इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।
मान ने भाजपा पर ‘‘विभाजनकारी और नफरत की राजनीति’’ करने का आरोप लगाते हुए उसे ‘‘भारत जलाओ पार्टी’’ करार दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के साथ ‘‘खतरनाक खेल’’ खेल रही है, लेकिन राज्य उसे ऐसा नहीं करने देगा।
मुख्यमंत्री मान ने संगरूर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां ‘‘भाजपा के पास मौजूद वे चार-पांच हथियार हैं जिनका राजनीतिकरण कर दिया गया है।’’
मान ने कहा, ‘‘वे लंबे समय से अपनी राजनीति के लिए इनका इस्तेमाल कर रहे हैं। चाहे महाराष्ट्र हो या ओडिशा, बिहार हो या कर्नाटक अथवा पश्चिम बंगाल। अब पंजाब उनके निशाने पर है।’’
अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन के हाल में दर्ज एक मामले से संबंधित जांच के तहत पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार को फिर से छापे मारे।
मान ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘वे ईडी का जो दुरुपयोग कर रहे हैं, मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘छापे मारने के पीछे उनका मकसद कोई काला धन या कोई अवैध दस्तावेज ढूंढना नहीं है। उनका मकसद होता है कि जिस व्यक्ति के परिसर पर छापा मारा गया है, उस तक यह संदेश पहुंच जाए कि भाजपा में शामिल हो जाओ और सब माफ कर दिया जाएगा।’’
मान ने राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल का जिक्र करते हुए सवाल किया कि हाल में उनके भाजपा में शामिल होने के बाद उनके खिलाफ ईडी की कार्रवाई का क्या हुआ?
मान ने कहा कि अरोड़ा के खिलाफ ईडी की ‘‘तथाकथित’’ छापेमारी जारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘एक महीने में यह दूसरी बार और एक साल में तीसरी बार है जब वे आए हैं, लेकिन पहले भी उन्हें कुछ नहीं मिला और अब भी कुछ नहीं मिलेगा। वे केवल यह संदेश देने आए हैं कि भाजपा में शामिल हो जाओ, वरना उनके कारोबार बंद कर दिए जाएंगे।’’
मान ने आरोप लगाया कि भाजपा-नीत केंद्र सरकार अपने विरोधियों में इसी तरह डर पैदा कर काम करती है। उन्होंने कहा कि वे अन्य राज्यों में ऐसा कर सकते हैं, लेकिन पंजाब में उनकी यह रणनीति काम नहीं करेगी।