आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का ‘‘उपहास उड़ाने’’ का आरोप लगाते हुए बुधवार को उनकी निंदा की और कहा कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के साथ रेड्डी का ‘‘अहंकार’’ टूट जाएगा।
रेड्डी ने मंगलवार को नवीन की उस अपील को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 2028 के तेलंगाना चुनाव में भाजपा की जीत के इरादे से काम करने को कहा था। रेड्डी ने कहा कि पार्टी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने में 15 साल लग गए और तेलंगाना में भी उसका यही हाल होगा।
हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हाल में एक व्यक्ति यहां आए थे, नवीन या जो भी नाम हो... मुझे उनका नाम ठीक से नहीं पता। लेकिन वह यहां आकर कहते हैं कि अगली सरकार उनकी होगी।’’
रेड्डी ने कहा, ‘‘आपने पश्चिम बंगाल के बारे में भी यही बात कही थी। बंगाल में सरकार बनाने में आपको 15 साल लग गए। आपकी चालें शायद वहां इसलिए काम कर गईं क्योंकि ममता बनर्जी वहां सत्ता में थीं। लेकिन यहां, हमारे सभी लोग तैयार हैं और वे आपको कुचल देंगे।’’