आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वी डी सतीशन को केरल का अगला मुख्यमंत्री चुने जाने संबंधी फैसले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यह कदम पार्टी के भीतर ‘‘आंतरिक कलह’’ को उजागर करता है और इससे पता चलता है कि यह ‘‘रिमोट कंट्रोल से चलने वाली सरकार’’ होगी।
कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी के शीर्ष और प्रदेश इकाई के नेताओं के साथ लंबी मंत्रणा के बाद केरल के अगले मुख्यमंत्री के रूप में सतीशन के नाम पर मुहर लगाई।
केरल के लिए पार्टी पर्यवेक्षकों अजय माकन और मुकुल वासनिक के साथ यहां पार्टी कार्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस की केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी ने सतीशन के नाम की घोषणा की।
सतीशन के अलावा कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई पर यह निर्णय थोपा है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि केरल के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला नयी दिल्ली में हुआ है, न कि केरल में। यह घोषणा दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय से की गई, जिससे पता चलता है कि यह ‘रिमोट कंट्रोल से संचालित सरकार’ होगी।’’
भाजपा नेता ने यह भी दावा किया कि केरल में नेतृत्व के चयन को लेकर गांधी परिवार में मतभेद था। उन्होंने कहा कि सतीशन का चयन ‘‘प्रियंका गांधी वाद्रा के दबाव’’ के कारण हुआ, जो ‘‘किसी भी कीमत पर राहुल गांधी की पसंद के उम्मीदवार के.सी. वेणुगोपाल को नहीं चाहती थीं’’।
उन्होंने दावा किया, ‘‘प्रियंका गांधी वाद्रा के.सी. वेणुगोपाल के सख्त खिलाफ थीं। दरअसल, केरल में सत्ता किसके हाथ में होगी, इसे लेकर परिवार में जबरदस्त विवाद हुआ।’’