आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा अपने कार्यकर्ताओं को जाति और धर्म से ऊपर उठकर सभी के लिए काम करना सिखाती है और पार्टी मुसलमानों के खिलाफ नहीं है।
नागपुर में शुक्रवार को चुनाव प्रचार के दौरान गडकरी ने कहा कि यदि भाजपा-शिवसेना गठबंधन 15 जनवरी को होने वाले नागपुर महानगर पालिका चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीतता है, तो लोगों की आकांक्षाएं और सपने पूरे होंगे।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं उम्मीदवारों के प्रदर्शन की गारंटी देते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता गडकरी ने शहर में तीन जनसभाएं कीं और पार्टी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हम मुसलमानों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन आतंकवादियों और पाकिस्तान के खिलाफ हैं। इस देश के लिए बलिदान देने वाले मुसलमान हमारे लिए उतने ही प्रिय हैं जितने हिंदू। कोई मस्जिद, गुरुद्वारा या बौद्ध विहार जा सकता है, लेकिन हम कहते हैं कि हमारा खून एक है, हम भारतीय हैं और सभी के लिए काम करते हैं।”