भाजपा ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए उन्हें 'असफल वंशवादी' बताया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-02-2026
BJP attacks Rahul Gandhi, calling him a 'failed dynast'
BJP attacks Rahul Gandhi, calling him a 'failed dynast'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह एक ‘‘असफल वंशवादी’’ हैं क्योंकि न तो उनकी अपनी पार्टी के नेताओं को और न ही उनके सहयोगियों को उन पर कोई भरोसा है।
 
भाजपा ने यह हमला ऐसे वक्त किया है जब कांग्रेस की असम इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा भेजते हुए आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें ‘‘नज़रअंदाज़" किया जा रहा है और प्रदेश इकाई में उन्हें उचित स्थान नहीं दिया जा रहा है।
 
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ‘एक्स’ पर लिखा, "राहुल गांधी पर नहीं है भरोसा।"
 
पूनावाला ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस कहती है राहुल को हटाओ, ममता को लाओ, ‘इंडी-गठबंधन’ को बचाओ। असम के कांग्रेस नेता भूपेन बोरा ने इस्तीफा दिया। मणि (शंकर) अय्यर कहते हैं कि कांग्रेस केरल हारेगी और विजयन जीतेंगे।" भाजपा नेता ने सवाल किया कि क्या यह समझने के लिए और सबूतों की जरूरत है कि न तो गांधी की अपनी पार्टी के नेता और न ही उनके सहयोगी उन्हें गंभीरता से लेते हैं।
 
पूनावाला ने कहा, ‘‘राहुल के पास न तो जनमत है और न ही संगत... राहुल एक असफल विशेषाधिकार प्राप्त वंशवादी हैं।"
 
रविवार को कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि उन्हें विश्वास है कि केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन अपने पद पर बने रहेंगे।