बिम्सटेक देश यह सुनिश्चित करें कि आतंकवादियों को क्षेत्र में पनाह न मिले : अमित शाह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-10-2026
BIMSTEC countries should ensure that terrorists do not get shelter in the region: Amit Shah
BIMSTEC countries should ensure that terrorists do not get shelter in the region: Amit Shah

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बिम्सटेक देशों से आतंकवाद से निपटने, आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने का आह्वान किया कि आतंकवादियों को इस क्षेत्र में पनाह न मिले।
 
यहां बिम्सटेक देशों के गृह मंत्रियों की पहली बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भारत आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त न करने की नीति अपनाता है।
 
उन्होंने कहा कि बिम्सटेक देशों के बीच साझेदारी का आधार यह विश्वास है कि प्रत्येक सदस्य देश की सुरक्षा व्यवस्था को अन्य सदस्य देशों की सुरक्षा में भी योगदान देना चाहिए। ‘‘इससे आपसी भरोसा मजबूत होता है।’’
 
शाह ने आतंकवादी नेटवर्क को पनाह लेने, ठिकाने और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने, संसाधन जुटाने या अन्य सदस्य देशों के खिलाफ गतिविधियां संचालित करने से रोकने के लिए सामूहिक संकल्प का आह्वान किया।
 
उन्होंने सभी सदस्य देशों से अपने राष्ट्रीय कानूनों और लागू समझौतों के अनुरूप पारस्परिक कानूनी सहायता तथा प्रत्यर्पण के मामलों में सहयोग करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का सहयोग अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के प्रयासों को मजबूत करेगा।
 
आतंकवाद से निपटने और कानून प्रवर्तन को सहयोग के प्रमुख क्षेत्र बताते हुए गृह मंत्री ने मौजूदा नोडल एजेंसियों के माध्यम से ठोस कार्रवाई में मददगार खुफिया जानकारी साझा करने तथा आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण और संगठित अपराध से निपटने के लिए बेहतर समन्वय पर जोर दिया।